Wednesday, 12 November 2025

अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय महामंत्री का हुआ निर्वाचन

नई दिल्ली, 12 नवम्बर। प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में पुनर्निर्वाचित। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय महामंत्री के पदों की निर्वाचन प्रक्रिया आज मुंबई स्थित अभाविप के केन्द्रीय कार्यालय से सम्पन्न हुई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी (रीवा) नवनिर्वाचित तथा राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी (इंदौर) पुनर्निर्वाचित हुए। 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय महामंत्री के निर्वाचन प्रक्रिया के चुनाव अधिकारी अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद में विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. (डॉ.) मासाड़ी बापूराव ने निर्वाचन परिणामों को घोषित करते हुए बताया है कि दोनों पदाधिकारी, उत्तराखंड के देहरादून में 28, 29 तथा 30 नवंबर को आयोजित होने जा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना कार्यभार संभालेंगे। 


प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी, आप मूलतः मध्यप्रदेश के रीवा से हैं। आपकी शिक्षा जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से कृषिविज्ञान विषय में पीएचडी तक हुई है। वर्तमान में आप जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के रीवा परिसर में कृषिविज्ञान विभाग में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। आप वर्ष 1987 से अभाविप के संपर्क में हैं। विद्यार्थी जीवन से कार्यकर्ता रहते हुए आप कृषि महाविद्यालय, रीवा के निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष एवं महाकौशल प्रांत के प्रांत मंत्री भी रहे हैं। शिक्षक के रूप में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा अपने विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार (2014) एवं नेपाल के प्रतिष्ठित त्रिभुवन विश्वविद्यालय के द्वारा विशिष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार (2016) आपको प्रदान किया गया है। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 125 से अधिक शोध पत्र एवं कृषिविज्ञान विषय की 3 पुस्तकों का प्रकाशन सहित, 50 से अधिक लघु शोध प्रबंध एवं तीन शोध प्रबंधों का कार्य आपके निर्देशन में हुआ है। प्रधान अन्वेषक के रूप में आपने फिलीपींस स्थित अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) में आयोजित संयुक्त अनुसंधान परियोजना (2025) में विश्वविद्यालय का नेतृत्व किया है। मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की समिति में सदस्य के रूप में आपकी महती भूमिका रही है। पूर्व में आप महाकौशल प्रांत अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (2006-09) तथा वर्तमान में आप कृषि विद्यार्थी कार्य (AgriVision) के प्रमुख सलाहकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष निमंत्रित सदस्य हैं। आप वर्ष 2025-26 के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। आपका निवास रीवा है।


डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी मूलत: मध्य प्रदेश के इंदौर से हैं। आपकी शिक्षा श्री अरबिंदो इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस (SAIMS), इंदौर से MBBS तक हुई है, इसी संस्थान में आप सामुदायिक चिकित्सा की विशेषता के साथ डॉक्टर ऑफ़ मेडिसिन (MD) में अध्ययनरत हैं। आप वर्ष 2014 से परिषद के संपर्क में हैं। आपने अभाविप के एलोपैथी विद्यार्थी कार्य - मेडीविज़न के माध्यम से आयुर्विज्ञान एवं दंत चिकित्सा शिक्षा के विद्यार्थियों में राष्ट्रीय नेतृत्व प्रदान कर विभिन्न मुद्दों के सफल नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। आपने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में परीक्षाओं में अव्यवस्था एवं भ्रष्टाचार के विषय में कुलपति के निलंबन की मांग पर सफल आंदोलन का भी नेतृत्व किया। मध्य प्रदेश में निजी आयुर्विज्ञान महाविद्यालयों में व्यापारीकरण की मानसिकता से बढ़ाये गये प्रवेश शुल्क की वापसी एवं वर्ष 2018 में एक अन्य बंद हुए निजी मेडिकल महाविद्यालय के विद्यार्थियों के भविष्य के लिए हुए आंदोलन का यशस्वी नेतृत्व किया है। समाज के वंचित वर्ग हेतु कम शुल्क पर चिकित्सीय परामर्श एवं औषधि वितरण की सेवा आप परिवार द्वारा चलाये जा रहे चिकित्सालय से करते हैं। पूर्व में आपने महाविद्यालय अध्यक्ष, इंदौर महानगर मंत्री, प्रांत मेडिविजन प्रमुख, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य, मेडिविजन राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय मंत्री आदि दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में आप अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। आगामी सत्र 2025-26 हेतु राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व पर पुनर्निवाचित हुए हैं। आपका निवास इंदौर है।

No comments:

Post a Comment